12:43 PM, 26-May-2026
दोपहर 12 बजे 31.6 फीसदी मतदान
राज्य चुनाव आयुक्त राजकमल चाैधरी ने बताया कि दोपहर 12 बजे 31.6 फीसदी मतदान हो चुका है। पूरे प्रदेश में ओवरऑल चुनाव शांतिपूर्ण चल रहा है। आठ निगमों के 396 वार्डों, 75 परिषदों के 1282 वार्डों और 20 नगर पंचायतों के 218 वार्डों में चुनाव करवाए जा रहे हैं।
12:30 PM, 26-May-2026
सीएम के पूर्व ओएसडी प्रो. ओंकार सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया
सीएम मान के पूर्व ओएसडी प्रोफेसर ओंकार सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया है। प्रोफेसर ओंकार सिंह कुछ माह पहले आप छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। धूरी में काउंसिल चुनाव के दौरान ओंकार सिंह के खिलाफ कार्रवाई हुई है। एसएसपी डाॅ. रवजोत ग्रेवाल ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को बताया कि एहतियातन प्रो. ओंकार सिंह को डिटेन किया गया है। रवनीत बिट्टू ने एसएसपी और एसपी को फटकार लगाई है।
12:29 PM, 26-May-2026
भुच्चो मंडी आप विधायक मास्टर जगसीर सिंह का विरोध
बठिंडा के एक बूथ पर पहुंचे भुच्चो मंडी से आप विधायक मास्टर जगसीर सिंह को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने विरोध करते हुए आप विधायक को कहा कि आप यहां क्या करने आए हो। विरोध को देखते हुए आप विधायक वापस चले गए।
12:19 PM, 26-May-2026
मंडी गोबिंदगढ़ में सभी पार्टियों के उम्मीदवारों ने साथ खिंचवाई तस्वीर
मंडी गोबिंदगढ़ के वार्ड नंबर 27 में सभी पार्टियों के उम्मीदवारों ने संयुक्त रूप से तस्वीर खिंचवाकर भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। लोकतंत्र में इस तरह की भाईचारे की भावना का होना बेहद जरूरी है। आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार पल्लवी सिंगला, कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार राधा गोयल तथा भाजपा की उम्मीदवार श्वेता मैदान ने पोलिंग बूथ के बाहर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।

11:18 AM, 26-May-2026
सीएम के विधानसभा हलके में सबसे कम मतदान
आप के प्रदेशाध्यक्ष अमन अरोड़ा के विधानसभा क्षेत्र में पहले दो घंटे में सबसे अधिक मतदान हुआ है । लोंगोवाल भी सुनाम विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। वहीं इसी जिले में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के धूरी विधानसभा इलाके में सबसे कम मतदान हुआ है ।
11:01 AM, 26-May-2026
बैलगाड़ी पर सवार होकर वोट डालने पहुंचे राजा वड़िंग

बैलगाड़ी पर वोट देने जाते अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग
– फोटो : अमर उजाला
पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग मंगलवार को पत्नी अमृता वड़िंग के साथ बैलगाड़ी पर सवार होकर मुक्तसर के वार्ड नंबर पांच में वोट डालने पहुंचे। महंगाई के खिलाफ सांकेतिक विरोध जताते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम इस कदर बढ़ गए हैं कि आम आदमी के लिए गाड़ी चलाना मुश्किल हो गया है।
राजा वड़िंग ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से ऐसे हालात बन गए हैं कि लोगों को अपने वाहन घरों में खड़े करने पड़ रहे हैं। गरीब व्यक्ति कैसे चलेगा? जिसकी आमदनी कम है, वो घर चलाएगा या वाहन चलाएगा? उन्होंने बताया कि पंजाब में औसतन पेट्रोल 105.44 और डीजल 95.38 प्रति लीटर तक पहुंच गया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी को केवल चुनाव जीतने के लिए प्रधानमंत्री नहीं बनाया गया है। जनता को राहत देना भी सरकार की जिम्मेदारी है। बैलगाड़ी से वोट डालने का मकसद सरकार को संदेश देना था कि महंगाई ने हालात इतने खराब कर दिए हैं कि लोगों को फिर से बैलगाड़ियों का सहारा लेना पड़ेगा।
राजा वड़िंग ने ऐलान किया कि कांग्रेस देशभर और पंजाब में पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि बीते 10 दिनों में चौथी बार दाम बढ़े हैं। लगातार बढ़ रहे दामों से ट्रांसपोर्ट महंगा हो रहा है और सब्जी, राशन समेत जरूरी सामान के दाम भी बढ़ने की आशंका है। राजा वड़िंग ने कहा कि महंगाई ने आम घर का बजट 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है। किसानों पर भी बोझ बढ़ रहा है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क से संसद तक यह मुद्दा उठाएगी।
10:40 AM, 26-May-2026
सुबह दस बजे तक 13.5% मतदान
पंजाब निकाय चुनाव में सुबह दस बजे तक 13.5% मतदान हुआ है।
10:08 AM, 26-May-2026
मोगा में पोलिंग बूथ के बाहर आप के बड़े होर्डिंग का बीजेपी ने किया विरोध
मोगा निगम चुनाव के दौरान गीता भवन चौक के पास बने पोलिंग बूथ के बाहर लगे आम आदमी पार्टी के बड़े-बड़े होर्डिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी जिला प्रधान डॉ. हरजोत कमल ने चुनाव आयोग और जिला प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. हरजोत कमल ने आरोप लगाया कि पोलिंग बूथ से 100 मीटर के दायरे में आम आदमी पार्टी के बड़े-बड़े होर्डिंग लगे हुए हैं, जो चुनाव नियमों का उल्लंघन हो सकता है। उन्होंने कहा कि इससे यह संदेश जा रहा है कि कहीं न कहीं प्रशासन मौजूदा सरकार के उम्मीदवारों को समर्थन दे रहा है। उन्होंने बताया कि मोगा नगर निगम और कोट ई शेखा नगर पंचायत चुनाव में बीजेपी के कुल 51 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं और पार्टी को जनता का अच्छा समर्थन मिल रहा है। हालांकि सीटों की संख्या को लेकर उन्होंने कहा कि इसका फैसला चुनाव परिणाम आने के बाद होगा, लेकिन आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव में पंजाब में बीजेपी की सरकार बनने का दावा किया।
डॉ. हरजोत कमल ने चुनाव आयोग और जिला प्रशासन से मांग की कि पोलिंग बूथ के नजदीक लगे राजनीतिक होर्डिंगों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो
मोगा के 106 नंबर बूथ पर जाली वोट डालने पर बहस
मोगा में 106 नंबर पोलिंग बूथ पर कथित फर्जी वोटिंग का मामला सामने आया है। मतदान शुरू होने के करीब एक घंटे बाद यह विवाद सामने आया। पोलिंग बूथ के अंदर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के बीच इस मुद्दे को लेकर तीखी बहस भी हुई। आरोप लगाए गए हैं कि कुछ स्थानों पर वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं हो रही थी, जिससे पारदर्शिता को लेकर सवाल उठे हैं। वहीं, यह भी दावा किया गया कि एक मतदाता के वोट डाले बिना ही उसके नाम पर दो बार वोट पड़ चुके थे। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन या चुनाव अधिकारियों की ओर से नहीं की गई है। मामले को लेकर जांच और प्रशासनिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
09:48 AM, 26-May-2026
रायकोट में कांग्रेस प्रत्याशी पर जानलेवा हमला, पीजीआई रेफर
रायकोट में वोटिंग की शुरुआत हिंसा से हुई है। वार्ड नंबर चार से कांग्रेस के प्रत्याशी जगदेव सिंह जग्गा पर तड़के बूथ में जानलेवा हमला हुआ है। हमलावर आम आदमी पार्टी के बताए जा रहे हैं। जग्गा को पहले सिविल अस्पताल फिर वहां से शहर के सबसे बड़े प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। जानकारी आ रही है कि जग्गा के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें पीजीआई चंडीगढ रेफर किया जा रहा है।
रायकोट में सोमवार दोपहर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समर्थकों के बीच शुरू हुई तकरार रात होते-होते खूनी संघर्ष में बदल गई और वार्ड नंबर चार युद्ध का अखाड़ा बन गया। पुलिस की मौजूदगी में रायकोट ट्रक यूनियन के प्रधान और आप विधायक हाकम सिंह ठेकेदार के राइट हैंड बिंदरजीत सिंह गिल को वार्ड नंबर चार में कांग्रेस के प्रत्याशी जगदेव सिंह जग्गा के समर्थकों ने बुरी तरह पीटा। ईंट पत्थर चले और बिंदरजीत सिंह गिल की पगड़ी भी उछाल दी गई।
रायकोट नगर काउंसिल चुनाव के लिए वार्ड नंबर चार से कांग्रेस प्रत्याशी जगदेव सिंह जग्गा का आपराधिक रिकॉर्ड है और ट्रक यूनियन प्रधान बिंदरजीत सिंह गिल पर भी दर्जनों आपराधिक केस दर्ज हो चुके हैं। कभी अकाली दल में एक साथ काम कर चुके जगदेव सिंह जग्गा और बिंदरजीत सिंह गिल अब कट्टर विरोधी बन बैठे हैं। जग्गा वार्ड नंबर चार से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं और आप की तरफ से बिंदरजीत सिंह गिल का खास दोस्त अमनदीप सिंह मांगट मैदान में है। चुनाव पूर्व रात को डोर टू डोर कर रहे दोनों के समर्थक रात साढ़े नौ बजे आमने सामने हो गये और विवाद हिंसक हो गया।
09:30 AM, 26-May-2026
बठिंडा के वार्ड नंबर 2 में देर रात हंगामा, वोट खरीदने के आरोपों से भड़का विवाद
नगर निगम चुनाव के बीच बठिंडा के वार्ड नंबर 2 में सोमवार देर रात उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब आम आदमी पार्टी और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद इलाके में भारी हंगामा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने देर रात कैंट थाना के बाहर धरना देकर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। देर रात तक थाना परिसर के बाहर नारेबाजी और बहस जारी रही।
घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता देर रात कैंट थाना पहुंच गए और पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता सरूपचंद सिंगला की अगुवाई में धरना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने आप प्रत्याशी और संबंधित पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।
दूसरी ओर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों की शिकायतें ली गई हैं और घटनास्थल के वीडियो फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
Source link
#Punjab #Nikay #Chunav #सएम #क #परव #ओएसड #क #हरसत #म #लय #दपहर #बज #तक #फसद #मतदन


